झारखंड आंदोलन के पुरोधा शिबू सोरेन का निधन, राज्य में शोक की लहर

दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और अलग झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन का निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और किडनी संबंधी बीमारी के चलते पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। बीते कुछ दिनों से उनकी हालत बेहद नाजुक थी और वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे।
उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पुत्र और वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उस समय अस्पताल में ही मौजूद थे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पिता के निधन की जानकारी देते हुए लिखा—
“आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं…”
शिबू सोरेन लंबे समय तक आदिवासी समाज की आवाज बने रहे और अलग झारखंड राज्य की मांग को लेकर उन्होंने ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उनकी राजनीतिक विरासत झारखंड की आत्मा से जुड़ी हुई रही है।