
जगदलपुर, मोर माटी
ग्राम पंचायत कलचा आज उत्साह और उम्मीदों से भर उठा, जब ग्रामोद्योग विभाग के हाथकरघा प्रभाग ने समग्र हाथकरघा विकास योजना के तहत नवीन बुनाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आदिवासी महिला बुनकर सहकारी समिति मर्यादित, कलचा के प्रांगण में आयोजित यह कार्यक्रम स्थानीय महिलाओं के जीवन में नए अवसरों का द्वार खोलने वाला साबित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने फीता काटकर प्रशिक्षण का औपचारिक उद्घाटन किया। मंच पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिंदु साहू, जनपद अध्यक्ष श्री पदलाम नाग, जनपद उपाध्यक्ष श्री पुरषोत्तम कश्यप, तथा उपसरपंच श्री जयराम बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला हाथकरघा कार्यालय से उपसंचालक श्री अनिल सोम, श्री रोहित पात्रे और श्री रमेश कुमार भी पूरे समय मौजूद रहे।
समिति की अध्यक्ष पेनवती, उपाध्यक्ष महादई और बीस नई प्रशिक्षु महिलाएँ पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं। अतिथियों का स्वागत पूरी तरह बस्तर की पारंपरिक शैली में हुआ—तोरई-मोरई, फूलमालाओं और सांस्कृतिक अंदाज के साथ।
इस दौरान बुनकर महिलाओं ने अतिरिक्त कर्मशाला भवन की आवश्यकता पर अपनी बात रखी। जिस पर सांसद श्री महेश कश्यप ने भवन निर्माण करवाने का भरोसा दिया। वहीं बिजली कनेक्शन की समस्या पर भी शीघ्र समाधान का आश्वासन मिला।
आभार प्रदर्शन उपसंचालक श्री अनिल सोम ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन श्री रमेश कुमार द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम उन्हें आधुनिक बुनाई तकनीक, बेहतर उत्पादन कौशल और आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई दिशा देगा।
कलचा के लिए यह पहल न सिर्फ कौशल विकास का अवसर है, बल्कि यहां की महिला बुनकरों को बाज़ार से जोड़ने का एक मजबूत कदम भी।




