बस्तर

अध्यक्ष दिनेश कश्यप व उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने संभाला पदभार

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर को मिला नया नेतृत्व

 

जगदलपुर, 
राज्य शासन द्वारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप एवं उपाध्यक्ष श्री श्रीनिवास मिश्रा ने मंगलवार को विधिवत रूप से अपने-अपने पदों का कार्यभार ग्रहण किया। यह गरिमामयी पदभार ग्रहण समारोह 16 दिसंबर 2025 को अपरान्ह बैंक परिसर में सम्पन्न हुआ, जिसमें बैंक के अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पदभार ग्रहण से पूर्व दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। यह नियुक्ति आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा 15 दिसंबर को जारी आदेश के परिपालन में की गई।

कार्यभार संभालने के पश्चात अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि बैंक की सहकारी परंपराओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा किसानों, सहकारी समितियों और आम खाताधारकों के हित में पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बैंकिंग सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही उन्होंने वित्तीय अनुशासन के साथ सहकारी आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इसी क्रम में नवनियुक्त उपाध्यक्ष श्री श्रीनिवास मिश्रा ने भी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अध्यक्ष के मार्गदर्शन में बैंक के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने शाखाओं की कार्यप्रणाली में सुधार, ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

समारोह के समापन अवसर पर बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.एस. ध्रुव सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनियुक्त अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को बधाई दी और आम जनता को उत्कृष्ट बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया।


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!