भानुप्रतापपुर की बेटी त्रिवेणी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, आबकारी उप निरीक्षक पद पर चयन
त्रिवेणी गाड़ीहा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता खम्मन गाड़ीहा और माता झूमक गाड़ीहा को दिया

भानुप्रतापपुर क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी त्रिवेणी गाड़ीहा ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा घोषित हालिया परिणाम में आबकारी उप निरीक्षक पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनके चयन की खबर से भानुप्रतापपुर में खुशी और गर्व का माहौल है।
त्रिवेणी गाड़ीहा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता खम्मन गाड़ीहा और माता झूमक गाड़ीहा को देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता का सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, भानुप्रतापपुर से कक्षा 10वीं तक पूरी की। इसके बाद 11वीं और 12वीं की पढ़ाई हाई स्कूल भानुप्रतापपुर से की। उच्च शिक्षा के लिए वे महिला कॉलेज, भिलाई पहुँचीं, जहाँ से उन्होंने बीएससी (गणित) की डिग्री प्राप्त की।
PSC परीक्षा में यह उनका दूसरा प्रयास था, जिसमें उन्हें सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि उनका अंतिम लक्ष्य डिप्टी कलेक्टर बनना है और इसी सपने को पूरा करने के लिए वे वर्तमान में बिलासपुर में रहकर तैयारी जारी रखे हुए हैं।




